हैवान ने दूसरे दिन दिखाया दम: अक्षय और सैफ की फिल्म की कमाई में आया उछाल, जानें कलेक्शन

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हैवान’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका असर उम्मीद के मुताबिक नजर नहीं आ रहा है। रिलीज के दूसरे दिन भी फिल्म की कमाई में खास उछाल देखने को नहीं मिला।
दूसरे दिन महज 1.32 करोड़ का कारोबार
‘हैवान’ ने रिलीज के पहले दिन करीब तीन करोड़ रुपये की कमाई के साथ अपना खाता खोला था। उम्मीद थी कि शनिवार और वीकएंड का फायदा फिल्म को मिलेगा, लेकिन दूसरे दिन शुरुआती आंकड़ों में ऐसा होता नजर नहीं आया।
शनिवार को खबर लिखे जाने तक फिल्म ने करीब 1.32 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। हालांकि, दिन खत्म होने तक इसमें बढ़ोतरी संभव है। इसके साथ फिल्म का कुल कलेक्शन 4.32 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
‘हनुमान अंश’ से काफी पीछे
बॉक्स ऑफिस पर ‘हैवान’ को पहले से सिनेमाघरों में चल रही फिल्मों से कड़ी टक्कर मिल रही है। खासतौर पर ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है।
जहां ‘हैवान’ ने दूसरे दिन अब तक 1.32 करोड़ रुपये कमाए हैं, वहीं ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 37वें दिन 8.98 करोड़ रुपये का कारोबार किया। यानी कमाई के मामले में यह फिल्म अक्षय-सैफ की नई रिलीज से काफी आगे है।
‘मिर्जापुर द मूवी’ भी दे रही कड़ी टक्कर
‘हैवान’ के सामने ‘मिर्जापुर द मूवी’ भी मजबूत चुनौती पेश कर रही है। इस फिल्म ने रिलीज के नौवें दिन 6.32 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसके अलावा ‘टॉक्सिक’ और ‘इरुमुडी’ जैसी फिल्में भी सिनेमाघरों में मौजूद हैं, जिससे ‘हैवान’ को दर्शक जुटाने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।
क्या है ‘हैवान’ की कहानी?
फिल्म की कहानी श्याम (सैफ अली खान) के इर्द-गिर्द घूमती है। श्याम जन्म से दृष्टिहीन है, लेकिन मार्शल आर्ट्स में माहिर है और एक पॉश सोसाइटी में मेंटेनेंस मैनेजर का काम करता है।
कहानी में उस समय बड़ा मोड़ आता है, जब सोसाइटी के सदस्य और सेवानिवृत्त जज प्रधान (बोमन ईरानी) की हत्या हो जाती है। मौत से पहले जज श्याम को अपने अतीत से जुड़े एक खौफनाक राज और परशुराम (अक्षय कुमार) के बारे में बताते हैं।
परशुराम कभी एक बेगुनाह लड़का था, लेकिन जज के गलत फैसले के कारण उसकी जिंदगी तबाह हो गई और वह मानसिक अस्पताल पहुंच गया। जेल से बाहर आने के बाद वह साइको किलर बन जाता है और जज से जुड़े लोगों को निशाना बनाने लगता है। अब उसकी नजर जज की गुप्त बेटी नंदिनी पर है और श्याम की जिम्मेदारी उसे बचाने की है।
18 साल बाद साथ नजर आए अक्षय और सैफ
‘हैवान’ की खास बात यह भी है कि अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 18 साल बाद एक साथ पर्दे पर नजर आ रहे हैं। दोनों को आखिरी बार 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में साथ देखा गया था।
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘हैवान’ साल 2016 की मलयालम थ्रिलर फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है। फिल्म में अक्षय और सैफ के अलावा श्रिया पिलगांवकर, सैयामी खेर और बोमन ईरानी अहम भूमिकाओं में हैं।





