4 करोड़ का चेक लेकर मंदिर पहुंची महिला, खाते में निकले महज 3 रुपये; अब होगी कार्रवाई

अयोध्या में राम मंदिर से जुड़ा चार करोड़ रुपये के दान का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। चेन्नई की एक महिला श्रद्धालु ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को मंदिर के कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए चार करोड़ रुपये का चेक दिया था। बैंक में चेक जमा होने के बाद पता चला कि संबंधित खाते में महज तीन रुपये थे।

पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चार करोड़ रुपये का चेक बाउंस हो गया। अब बैंक की ओर से चेक जारी करने वाली महिला को नोटिस भेजने की तैयारी है। नोटिस के जरिए उनसे चेक जारी करने और खाते में पर्याप्त रकम नहीं होने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए दिया था चेक

महिला श्रद्धालु ने ट्रस्ट को चार करोड़ रुपये का चेक कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए दिया था। इसके साथ उन्होंने राम मंदिर के लिए 10 हजार रुपये का अलग से दान भी दिया था।

महिला ने शर्त रखी थी कि चार करोड़ रुपये की राशि मंदिर के कर्मचारियों की सुविधाओं पर ही खर्च की जाए। इसके लिए उन्होंने ट्रस्ट से लिखित आश्वासन मांगा था, लेकिन ट्रस्ट की ओर से ऐसा आश्वासन नहीं दिया गया।

अब कानूनी कार्रवाई की तैयारी

बैंकिंग प्रक्रिया के तहत चेक बाउंस होने पर खाताधारक को इसकी सूचना दी जाती है। बड़ी राशि का चेक होने के कारण बैंक मामले को गंभीरता से ले रहा है। नोटिस के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।

हालांकि, ट्रस्ट की ओर से महिला श्रद्धालु से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।

पहले भी बाउंस हुए थे करोड़ों के चेक

राम मंदिर निर्माण के लिए 2020 में चलाए गए निधि समर्पण अभियान के दौरान करीब 3,500 करोड़ रुपये की सहयोग राशि जुटाई गई थी। इसमें बड़ी संख्या में चेक भी शामिल थे। उस दौरान करीब 100 करोड़ रुपये के चेक तकनीकी कारणों से बाउंस हुए थे। बाद में अधिकांश चेक दोबारा जमा कराकर राशि की भरपाई कर ली गई थी।

Related Articles

Back to top button