रुड़की में सनसनीखेज वारदात: कैंटीन बंद कर लौट रहे संचालक को बदमाशों ने गोलियों से भूना

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में शुक्रवार देर रात एक शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अमन अपनी कैंटीन बंद कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अमन को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हत्या से आक्रोशित लोगों ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया और पुलिस का घेराव किया। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों की तलाश में इलाके में कांबिंग की गई। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, हालांकि पुलिस मामले को पुरानी रंजिश समेत अन्य सभी पहलुओं से जोड़कर जांच कर रही है। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हैं।

Related Articles

Back to top button