सीएम योगी से मिलकर उत्साहित हुए जापानी बच्चे, सेल्फी के साथ मिला भारतीय दर्शन का संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर जापान के यामानाशी प्रांत से आए 13 विद्यार्थियों और उनके फैकल्टी सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान जापानी छात्र मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर और सेल्फी लेने के लिए काफी उत्साहित नजर आए।

उत्तर प्रदेश-जापान निवेश बैठक के क्रम में आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘ए डायलॉग विद द फ्यूचर’ में जापानी विद्यार्थियों ने लखनऊ के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में यामानाशी प्रांत के गवर्नर कोटारो नागासाकी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी अभिवादन ‘ओहायो गोजाइमासु’ के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ विद्यार्थियों का मिलन नहीं, बल्कि भारत और जापान की दो संस्कृतियों, परंपराओं और युवा पीढ़ियों के बीच संवाद का अवसर है।

सीएम योगी ने कहा कि अगले वर्ष भारत और जापान के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होंगे। ऐसे में दोनों देशों के युवा भविष्य में इस साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने जापानी विद्यार्थियों को भारत की विविधता में एकता, वसुधैव कुटुम्बकम्, भारतीय दर्शन, भाषाओं, पर्व-त्योहारों और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया। वहीं भारतीय छात्रों को जापान की कार्य संस्कृति, अनुशासन, टीमवर्क, स्वच्छता, समयबद्धता और जीवन दर्शन से सीखने का अवसर मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे छात्र आदान-प्रदान कार्यक्रम दोनों देशों को एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं को समझने का मौका देते हैं और भारत-जापान संबंधों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button