उत्तर प्रदेश मौसम: बुंदेलखंड में भारी बारिश का खतरा, कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट; सतर्क रहने की सलाह

उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को बुंदेलखंड के चार जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, कई अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार झांसी, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और खराब मौसम की स्थिति बन सकती है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
वहीं बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर और जालौन समेत कई जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
कई जिलों में हुई जोरदार बारिश
बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। प्रतापगढ़ में 130 मिमी, प्रयागराज में 119.8 मिमी और हरदोई में 101 मिमी बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी यूपी के मुजफ्फरनगर में 64.3 मिमी और गोंडा में 60 मिमी बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बुंदेलखंड में भारी बारिश के कारण जलभराव और अन्य मौसमी परेशानियों को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।





