मेरठ-करनाल हाईवे पर दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराकर पलटा ट्रक, चालक की मौत

मेरठ-करनाल हाईवे पर बुधवार को बिडौली गुरुद्वारे के सामने दर्दनाक हादसा हो गया। चावल से लदा एक ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पलट गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक में भीषण आग लग गई। चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी ट्रक के अंदर ही जलकर मौत हो गई।

डिवाइडर से टकराते ही पलटा ट्रक

करण विहार, करनाल निवासी बिंदर (45) ट्रक संख्या HR-45B-4329 से मुजफ्फरनगर से चावल लेकर करनाल जा रहा था। बिडौली गुरुद्वारे के सामने अचानक ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक बेकाबू होकर दूसरी लेन में पलट गया।

इसी दौरान निकली चिंगारी से ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की लपटों में घिर गया।

चालक को बचाने की कोशिश, लेकिन नहीं बच सकी जान

हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने चालक को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन उसका एक हाथ ट्रक के नीचे दबा था। आग तेजी से फैलने के कारण उसे बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।

कुछ ही देर में चालक ने ट्रक के अंदर दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस ने शव कब्जे में लिया

दमकल कर्मियों के आग बुझाने के बाद पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही। पुलिस के अनुसार, परिजनों की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है।

Related Articles

Back to top button