सत्येंद्र जैन समेत छह गिरफ्तार: दिल्ली जल बोर्ड के STP टेंडर में कथित अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई

दिल्ली की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने दिल्ली के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता सत्येंद्र कुमार जैन समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से जुड़े टेंडरों में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामले में की गई है।

गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO और IAS अधिकारी उदित प्रकाश राय, बोर्ड के पूर्व संविदा सलाहकार अंकित श्रीवास्तव, AN Enterprises के मालिक नागेंद्र यादव, Euroteck Environment Pvt. Ltd. के मालिक राजा कुमार कुर्रा और Srijanhar के प्रोपराइटर पंकज वर्मा शामिल हैं।

टेंडर की शर्तों में हेरफेर का आरोप

ACB के मुताबिक, मामला दिल्ली जल बोर्ड के STP के उन्नयन और क्षमता बढ़ाने के लिए जारी किए गए टेंडरों से जुड़ा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि टेंडर की शर्तों में इस तरह बदलाव किए गए, जिससे एक खास तकनीक और उसके प्रदाता को फायदा पहुंचा और प्रतिस्पर्धा सीमित हुई। एजेंसी ने इसे कथित आपराधिक साजिश और सरकारी धन पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ से जुड़ा मामला बताया है।

इस मामले में 11 मई 2024 को दिल्ली सरकार के निदेशालय सतर्कता की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई थी। इसमें भ्रष्टाचार निवारण कानून के साथ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराएं लगाई गई थीं।

1.52 करोड़ रुपये के लेन-देन का दावा

ACB का दावा है कि AN Enterprises के जरिए तत्कालीन DJB CEO उदित प्रकाश राय और उनके रिश्तेदारों के बैंक खातों में करीब 1.52 करोड़ रुपये पहुंचे। एजेंसी के अनुसार, इस रकम का इस्तेमाल कथित तौर पर अचल संपत्ति खरीदने में किया गया। जांच में निजी कंपनियों, सरकारी अधिकारियों और अन्य पक्षों के बीच लेन-देन तथा संपर्क की भी जांच की जा रही है।

इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच

जांच एजेंसी ने कहा है कि ई-मेल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण से टेंडर की शर्तों, कॉरिजेंडम और दस्तावेजों को लेकर अधिकारियों और निजी पक्षों के बीच संपर्क के संकेत मिले हैं। ACB के अनुसार, इन्हीं प्रक्रियाओं के जरिए कथित तौर पर कुछ शर्तें STP टेंडर में शामिल की गईं।

मामले में कथित वित्तीय लेन-देन और अपराध से अर्जित रकम की जांच अभी जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button