भाजपा ने घोषित की राष्ट्रीय कार्यकारिणी, तीरथ सिंह रावत उपाध्यक्ष और अनिल बलूनी को मीडिया की कमान

भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से घोषित पदाधिकारियों की सूची में उत्तराखंड के चार नेताओं को अहम जिम्मेदारियां मिली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह संयोजक और महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री बनाया गया है। पार्टी की नई टीम में उत्तराखंड को मिली इन जिम्मेदारियों को राज्य के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और पार्टी में लंबे समय से सक्रिय हैं। राष्ट्रीय टीम में शामिल होने के बाद उनकी भूमिका अब केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण रहेगी।
अनिल बलूनी संभालेंगे मीडिया की कमान
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है। पार्टी के मीडिया प्रबंधन में यह अहम जिम्मेदारी मानी जाती है। बलूनी इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर संगठन और मीडिया से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे हैं।
आलोक भट्ट और महेंद्र पांडे को भी जिम्मेदारी
उत्तराखंड से आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह संयोजक और महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है। इस तरह भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड से कुल चार नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में कई वरिष्ठ नेताओं के साथ नए चेहरों को भी जगह दी गई है। पार्टी ने आगामी संगठनात्मक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां तय की हैं।





