अयोध्या चढ़ावा चोरी केस: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई आरोपियों की पेशी, कोर्ट ने बढ़ाई हिरासत

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद सभी आठ आरोपियों की सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट में पेशी हुई। विशेष न्यायाधीश एंटी करप्शन कोर्ट रजत वर्मा ने सभी आरोपियों की न्यायिक अभिरक्षा 22 अगस्त तक बढ़ा दी।
मामले के विवेचक आशुतोष तिवारी ने अदालत में सभी आरोपियों की न्यायिक अभिरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद अदालत ने रिमांड अवधि बढ़ाने का आदेश दिया।
मामले में आरोपी अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू को 26 जून को रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया था।
इसके बाद अदालत ने अलग-अलग तारीखों पर आरोपियों की न्यायिक अभिरक्षा बढ़ाई। पहले 13 जुलाई तक, फिर 27 जुलाई तक और इसके बाद 10 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने का आदेश दिया गया था। सोमवार को हुई सुनवाई में अदालत ने सभी आठ आरोपियों की न्यायिक अभिरक्षा 22 अगस्त तक बढ़ा दी।
फिलहाल सभी आरोपी जेल में निरुद्ध हैं और मामले की जांच जारी है।





