रश्मिका मंदाना की हेल्थ अपडेट, खास पोस्ट में फैंस को बताया अपना डेली रिकवरी रूटीन

अभिनेत्री रश्मिका मंदाना इन दिनों फिल्म ‘मैसा’ की शूटिंग के दौरान लगी हिप इंजरी से उबर रही हैं। फिलहाल वह घर पर आराम कर रही हैं। इसी बीच उन्होंने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट साझा कर अपने फैंस को बताया कि रिकवरी के दौरान उनका पूरा दिन कैसे बीत रहा है।

रश्मिका ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि इन दिनों उनका अधिकांश समय आराम करने और अच्छी नींद लेने में गुजर रहा है। इसके अलावा वह किताबें पढ़ रही हैं, पहेलियां सुलझा रही हैं, पसंदीदा शो देख रही हैं और अपने बालों व त्वचा की देखभाल पर भी ध्यान दे रही हैं। उन्होंने बताया कि रिकवरी के दौरान भी वह जरूरी मीटिंग्स में हिस्सा ले रही हैं और परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिता रही हैं। साथ ही अपने पालतू डॉग ऑरा के साथ समय बिताना भी उनकी दिनचर्या का अहम हिस्सा बन गया है।

इससे पहले रश्मिका ने अपनी चोट के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया था कि फिल्म ‘मैसा’ के डांस सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान उनकी दाहिनी हिप का एक टेंडन अपनी जगह से अलग हो गया। उन्होंने कहा था कि टेंडन पूरी तरह ठीक होने के बाद ही वह पहले की तरह चल-फिर पाएंगी और शूटिंग पर लौट सकेंगी।

वर्क फ्रंट की बात करें तो रश्मिका मंदाना फिल्म ‘मैसा’ में एक गोंड महिला के किरदार में नजर आएंगी। यह फिल्म गोंड जनजाति की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर आधारित एक इमोशनल एक्शन थ्रिलर है। इसके अलावा वह विजय देवरकोंडा के साथ आगामी फिल्म ‘रणबाली’ में भी दिखाई देंगी।

रश्मिका की इस पोस्ट के बाद फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button