मैदान पर नई भूमिका में दिखेंगे वैभव सूर्यवंशी, दलीप ट्रॉफी के लिए मिली उपकप्तानी

भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी अब बल्लेबाजी के साथ-साथ नेतृत्व की भूमिका में भी नजर आएंगे। आगामी दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए घोषित ईस्ट जोन टीम में उन्हें उपकप्तान बनाया गया है। टीम की कमान विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन संभालेंगे। यह प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट 23 अगस्त से 6 सितंबर तक बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जाएगा।
महज 15 वर्ष की उम्र में वैभव को उपकप्तानी सौंपे जाने को भारतीय क्रिकेट में उनके बढ़ते कद और नेतृत्व क्षमता के रूप में देखा जा रहा है। बिहार के रहने वाले वैभव ईस्ट जोन टीम में अपने राज्य के इकलौते खिलाड़ी हैं। चयनकर्ताओं का मानना है कि उन्हें भविष्य के लिए तीनों प्रारूपों का खिलाड़ी और लीडर तैयार किया जा रहा है।
हाल ही में वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले पुरुष क्रिकेटर बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उन्होंने 15 साल 99 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में भी वैभव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन मैचों में 151 रन बनाए। दो अर्धशतकीय पारियों की बदौलत उन्होंने 50.33 की औसत से रन बनाए और भारत की 3-0 की सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके इस प्रदर्शन का असर आईसीसी टी20 रैंकिंग में भी देखने को मिला, जहां उन्होंने 230 स्थानों की छलांग लगाकर 48वां स्थान हासिल किया।
बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने वैभव को मिली नई जिम्मेदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में ईस्ट जोन का उपकप्तान बनना बिहार क्रिकेट के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वैभव ने अपने प्रदर्शन और परिपक्व सोच से चयनकर्ताओं का विश्वास जीता है।
दलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन टीम:
ईशान किशन (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उपकप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज अहमद, सूरज सिंधू जायसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, शिक्जार मोहन, अनुकूल रॉय, विराट सिंह, सुभ्रांशु सेनापति, डेनिश दास और अभिजीत सरकार।





