आजमगढ़ से अखिलेश का सियासी संदेश, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद 2027 को लेकर किया बड़ा दावा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को आजमगढ़ दौरे के दौरान केंद्र और भाजपा सरकार पर शिक्षा, रोजगार और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों के आंदोलन की पहली बड़ी जीत बताते हुए कहा कि युवाओं की आवाज ने सरकार को झुकने पर मजबूर किया है।
निजामाबाद के पूर्व विधायक आलम बदी के आवास पर पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात और शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा युवाओं, छात्रों और किसानों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता बदलाव चाहती है और आने वाले चुनावों में इसका असर साफ दिखाई देगा।
अखिलेश यादव ने पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत विभिन्न भर्ती मामलों में प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने का भरोसा भी दिलाया।
उन्होंने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इंटरनेट आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना समय की मांग है। उनका कहना था कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा और रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
किसानों के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में खाद, सिंचाई और पानी की समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। साथ ही उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक उनकी पार्टी संघर्ष जारी रखेगी।





