राजस्थान लोअर डिवीजन क्लर्क परीक्षा की आंसर-की जारी, आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि घोषित

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) ग्रेड-2 और जूनियर असिस्टेंट भर्ती परीक्षा 2026 की प्रोविजनल उत्तरकुंजी (Answer Key) जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उत्तरकुंजी डाउनलोड कर अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं। बोर्ड ने उम्मीदवारों को प्रश्नों और उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने का भी अवसर दिया है।

बोर्ड के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 26 जुलाई 2026 की रात 12:01 बजे से 28 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक SSO पोर्टल के माध्यम से आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय के बाद प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।

वहीं, ऑफलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 27 जुलाई 2026 सुबह 10 बजे से 29 जुलाई 2026 शाम 6 बजे तक अपनी आपत्तियां ऑफलाइन जमा कर सकते हैं। इसके लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर के सचिव के नाम प्रति प्रश्न 100 रुपये का पोस्टल ऑर्डर संलग्न करना होगा। यह सुविधा केवल उन्हीं उम्मीदवारों के लिए उपलब्ध होगी जिन्होंने ऑफलाइन आवेदन किया था और परीक्षा में शामिल हुए थे।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान अलग-अलग प्रश्नपत्र सेट उपलब्ध कराए गए थे। ऐसे में उम्मीदवारों के प्रश्नपत्र में प्रश्नों और उत्तर विकल्पों का क्रम अलग हो सकता है। इसलिए आपत्ति दर्ज करते समय केवल बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध मास्टर प्रश्नपत्र में दिए गए प्रश्न क्रमांक और उत्तर विकल्पों को ही आधार बनाया जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समय सीमा के भीतर ही आपत्तियां दर्ज कराएं। सभी आपत्तियों की विशेषज्ञ समिति द्वारा जांच की जाएगी, जिसके बाद अंतिम उत्तरकुंजी जारी की जाएगी और उसी के आधार पर भर्ती परीक्षा का परिणाम तैयार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button