CWG 2026: भारत ने मीराबाई और लवलीना पर जताया भरोसा, उद्घाटन समारोह में दोनों होंगी ध्वजवाहक

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के उद्घाटन समारोह से पहले भारत के लिए गर्व की खबर सामने आई है। भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन को ग्लासगो में भारतीय दल का ध्वजवाहक (Flag Bearer) और बैटन बेयरर नियुक्त किया है। दोनों खिलाड़ी 23 जुलाई को होने वाले उद्घाटन समारोह में भारतीय टीम की अगुआई करेंगी।

IOA अध्यक्ष पीटी उषा ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि मीराबाई और लवलीना का चयन पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी खेलों में भी भारत का शानदार प्रतिनिधित्व करेंगी।

भारोत्तोलक मीराबाई चानू टोक्यो ओलंपिक 2021 में महिलाओं की 49 किलोग्राम स्पर्धा में रजत पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। ग्लासगो में भी उनसे भारत को पदक की उम्मीद रहेगी।

वहीं, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन भी भारत की अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया है।

गौरतलब है कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का उद्घाटन समारोह 23 जुलाई को ग्लासगो में होगा। इस बार प्रतियोगिता सीमित प्रारूप में आयोजित की जा रही है, जिसमें भारतीय दल कई स्पर्धाओं में पदक जीतने के इरादे से उतरेगा।

Related Articles

Back to top button