उत्तर प्रदेश में अगले 5 दिन बरसेंगे बादल, कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा

उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है, वहीं तापमान में भी 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र और मानसूनी ट्रफ की सक्रियता के कारण प्रदेश में 18 से 23 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। इसी वजह से कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने एटा, मेरठ, मुजफ्फरनगर और संभल में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
इन जिलों में सामान्य से अधिक बारिश के आसार
आगरा, औरैया, फिरोजाबाद और हापुड़ में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में भी होगी अच्छी बारिश
बाराबंकी, गोंडा, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, महाराजगंज, बदायूं, बागपत, बरेली, बिजनौर, बुलंदशहर, इटावा, हमीरपुर, ललितपुर और सहारनपुर समेत कई जिलों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और गरज-चमक के समय खुले स्थानों पर न रहने की सलाह दी है। वहीं राजधानी लखनऊ में भी शनिवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।





