दीपिका पादुकोण ने फैंस संग साझा की प्रेग्नेंसी जर्नी, थर्ड ट्राइमेस्टर की चुनौतियों पर की बात

बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर फैंस के साथ नया अपडेट साझा किया है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक रील शेयर कर प्रेग्नेंसी के तीसरे ट्राइमेस्टर (थर्ड ट्राइमेस्टर) के दौरान होने वाली शारीरिक चुनौतियों की झलक दिखाई।
दीपिका ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की गई रील में एक गर्भवती महिला को धीरे-धीरे बाथरूम की ओर जाते हुए दिखाया है। इसके साथ उन्होंने उल्टा स्माइली इमोजी लगाया, जिससे उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में अपनी मौजूदा स्थिति और प्रेग्नेंसी के अंतिम चरण की परेशानियों को बयां किया।
दीपिका और रणवीर सिंह ने अप्रैल 2026 में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दूसरी बार माता-पिता बनने की खुशखबरी साझा की थी। इस पोस्ट में उनकी बेटी दुआ पॉजिटिव प्रेग्नेंसी टेस्ट पकड़े नजर आई थी। इस घोषणा के बाद फैंस और फिल्मी सितारों ने दोनों को शुभकामनाएं दी थीं।
इससे पहले सितंबर 2024 में दीपिका और रणवीर ने अपनी पहली संतान बेटी दुआ का स्वागत किया था। हाल के महीनों में दीपिका फिल्मों से दूरी बनाकर परिवार को समय दे रही हैं। साथ ही वह फिल्म इंडस्ट्री में वर्क-लाइफ बैलेंस और 8 घंटे की शिफ्ट की मांग को लेकर भी चर्चा में रही हैं।





