उत्तराखंड से सोमनाथ तक विशेष आस्था ट्रेन का शुभारंभ, 13 जुलाई को हरी झंडी दिखाएंगे राज्यपाल और मुख्यमंत्री

उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत हर्रावाला से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए विशेष ‘आस्था ट्रेन’ चलाई जाएगी। यह ट्रेन 13 जुलाई को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से रवाना होगी, जिसमें 720 श्रद्धालु यात्रा करेंगे। ट्रेन को राज्यपाल और मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
संस्कृति निदेशालय ने यात्रा की तैयारियों के लिए मुरादाबाद मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। संस्कृति विभाग के निदेशक प्रदीप जोशी ने बताया कि उत्तर क्षेत्र आईआरसीटीसी, लखनऊ के अनुरोध पर विभाग ने रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में 9 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान भी कर दिया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा के दौरान सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि भोजन, पीने का पानी, चाय-कॉफी, शीतल पेय, छाछ और पैक्ड नारियल पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा ट्रेन में आवश्यक स्टाफ, नामित अधिकारियों की तैनाती, संपर्क व्यवस्था और हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर निर्धारित ठहराव की भी व्यवस्था की जाएगी।





