विदेशी मुद्रा भंडार में शानदार बढ़त, जानिए RBI के ताजा आंकड़ों में कितना हुआ इजाफा

Forex Reserves: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 674.19 अरब डॉलर पहुंचा, जानें बढ़ोतरी की वजह

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 3 जुलाई को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 7.26 अरब डॉलर बढ़कर 674.193 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे एक सप्ताह पहले विदेशी मुद्रा भंडार 5.654 अरब डॉलर घटकर 666.933 अरब डॉलर रह गया था। विदेशी मुद्रा भंडार में आई यह बढ़ोतरी भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।

आरबीआई के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि की सबसे बड़ी वजह विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों (Foreign Currency Assets) और स्वर्ण भंडार (Gold Reserves) में हुई बढ़ोतरी है। समीक्षा सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 4.51 अरब डॉलर बढ़कर 545.578 अरब डॉलर हो गईं, जबकि स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.669 अरब डॉलर बढ़कर 105.205 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी प्रमुख वैश्विक मुद्राओं के मूल्य में उतार-चढ़ाव का भी असर शामिल होता है। आरबीआई इन परिसंपत्तियों के जरिए विदेशी मुद्रा भंडार का बड़ा हिस्सा प्रबंधित करता है।

गौरतलब है कि 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 728.494 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा था। इसके बाद मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और रुपये पर दबाव के कारण आरबीआई को विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप करना पड़ा, जिससे कई सप्ताह तक भंडार में गिरावट दर्ज की गई। अब ताजा आंकड़ों में विदेशी मुद्रा भंडार में फिर से मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिली है।

Related Articles

Back to top button