नमाज बयान पर गरमाई सियासत: सपा ने BJP को घेरा, नितिन नवीन की रैली का वीडियो किया शेयर

योगी के ‘नमाज’ वाले बयान पर सपा का पलटवार, नितिन नवीन की रैली में ‘हनुमान’ के नृत्य पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हनुमानगढ़ी में ‘नमाज’ पढ़वाने संबंधी बयान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद सनातन पांडेय ने मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा पर भगवान राम और भगवान हनुमान के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की लखनऊ रैली का जिक्र करते हुए उस वायरल वीडियो पर सवाल उठाए, जिसमें भगवान हनुमान का रूप धरे एक कलाकार मंच पर नृत्य करता नजर आया।
अयोध्या में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि जो लोग आज आस्था की बात करते हैं, उन्होंने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर ‘नमाज’ पढ़वाई थी। साथ ही सवाल किया कि क्या कभी किसी जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ कराया जा सकता है।
मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा सांसद सनातन पांडेय ने कहा कि भाजपा को भगवान राम और हनुमान के सम्मान की बात करने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की मौजूदगी में भगवान हनुमान का रूप धरे कलाकार से मंच पर नृत्य कराया गया, जो धार्मिक आस्था का अपमान है।
पांडेय ने राम मंदिर दान चोरी के मुद्दे को भी उठाया और भाजपा व आरएसएस पर आस्था के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के विश्वास का सम्मान होना चाहिए और दान से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
सपा सांसद ने अखिलेश यादव के ‘सनातन ही समाजवाद है’ वाले बयान का समर्थन करते हुए कहा कि सनातन धर्म सामाजिक समरसता, एकता और सद्भाव का संदेश देता है तथा सभी समुदायों को साथ लेकर चलने की सीख देता है।





