TMC छोड़ BJP में शामिल हुए सुखेंदु, सुष्मिता समेत तीन पूर्व सांसद, बंगाल की सियासत गरमाई

TMC को बड़ा झटका, तीन पूर्व राज्यसभा सांसद BJP में शामिल
पश्चिम बंगाल की सियासत में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के तीन पूर्व राज्यसभा सांसदों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। भाजपा में शामिल होने वालों में सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक शामिल हैं। तीनों नेताओं ने कोलकाता में पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि लंबे समय तक पश्चिम बंगाल की राजनीति टकराव की राह पर चली, जिससे विकास प्रभावित हुआ। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर तीनों नेताओं ने भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने तीनों का पार्टी में स्वागत करते हुए इसे भाजपा के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि बताया।
भाजपा में शामिल होने के बाद सुष्मिता देव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और डबल इंजन सरकार वाले राज्यों में हुए विकास को नकारा नहीं जा सकता। उन्होंने दावा किया कि यदि पश्चिम बंगाल में भाजपा को अवसर मिला तो राज्य की तस्वीर भी असम और त्रिपुरा की तरह बदल सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं की भी सराहना की और कहा कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।
सुष्मिता देव ने टीएमसी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के भीतर ही उसके नेताओं ने संगठन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने महुआ मोइत्रा और कुणाल घोष के हालिया बयानों का जिक्र करते हुए टीएमसी की कार्यशैली पर टिप्पणी की।
वहीं, भाजपा में शामिल होने के बाद सुखेंदु शेखर रॉय ने कहा कि केंद्र सरकार अपने चुनावी घोषणापत्र के वादों को तेजी से पूरा कर रही है और जनता इससे संतुष्ट है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि राज्य में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है।
तीनों नेताओं का भाजपा में शामिल होना पश्चिम बंगाल की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। इसे आगामी चुनावों से पहले TMC के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।





