यूपी के 71 शहरों में बारिश, आगरा में दो मंजिला दुकान ढही; प्रयागराज में करंट लगने से 2 की मौत

उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 71 शहरों में बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ। आगरा में भारी बारिश के दौरान दो मंजिला दुकान ढह गई, जबकि प्रयागराज में करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 68 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

आगरा में दुकान ढही, रेस्क्यू जारी

आगरा में बुधवार दोपहर घने बादलों के कारण दिन में अंधेरा छा गया और ताजमहल बादलों के बीच ओझल हो गया। इसी दौरान सुभाष बाजार में नाले के ऊपर बनी दो मंजिला कपड़े की दुकान भरभराकर गिर गई। हादसे में छह लोग मलबे में दब गए। इनमें से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक महिला की तलाश में एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। प्रारंभिक जांच में लगातार बारिश से दुकान की नींव कमजोर होने की बात सामने आई है।

प्रयागराज में करंट से दो की मौत

प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र के खालसा गांव में बारिश के दौरान खेत में उतरे करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर और एक 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

कई जिलों में जलभराव

लखनऊ, नोएडा, हाथरस, मथुरा, रायबरेली, बदायूं, मेरठ और अन्य जिलों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया। नोएडा में कई जगह दो फीट तक पानी भर गया, जबकि हाथरस में पानी का बहाव इतना तेज था कि कारें और बाइक तक बहने लगीं। मथुरा में जर्जर मकान की दीवार गिरने से तीन लोग घायल हो गए।

अगले पांच दिन जारी रहेगी बारिश

वाराणसी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से बना मौसम तंत्र अब मध्य प्रदेश के आसपास सक्रिय है, जिसका असर उत्तर प्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। इसी वजह से प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है और अगले पांच दिनों तक अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button