बद्रीनाथ मंदिर में नियमों का उल्लंघन, स्पाई कैमरे से वीडियो बनाते मुंबई के श्रद्धालु पर पुलिस की कार्रवाई

उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में गर्भगृह के अंदर स्पाई कैमरे से वीडियो और फोटो रिकॉर्ड करते हुए मुंबई के एक श्रद्धालु को सुरक्षा कर्मियों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी की पहचान मुंबई निवासी जयप्रकाश पांडे के रूप में हुई है।

चमोली पुलिस ने बताया कि बद्रीनाथ मंदिर के गर्भगृह में किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद श्रद्धालु ने स्पाई कैमरे से रिकॉर्डिंग करने का प्रयास किया, जो मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से स्पाई कैमरा बरामद किया। कैमरे में रिकॉर्ड किए गए सभी वीडियो और तस्वीरें मौके पर ही डिलीट कर दी गईं। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत उसका चालान किया गया।

पुलिस के अनुसार, श्रद्धालु ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर उसे छोड़ दिया गया।

चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बद्रीनाथ धाम सहित सभी धार्मिक स्थलों के सुरक्षा नियमों और धार्मिक मर्यादा का पालन करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में फोटो या वीडियो बनाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button