पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर कुल्हाड़ी से हमला, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ा

बिहार के गोपालगंज में अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल विजेंद्र नाथ को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
घटना बरौली थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव की है। बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम विजेंद्र नाथ अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला राजेश साह वहां पहुंचा और अचानक कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वार उनकी पीठ, कंधे और गर्दन के नीचे किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके शरीर पर कई गहरे जख्म हैं। पुलिस ने आरोपी राजेश साह को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले जमीन से जुड़े मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है।
मामले को लेकर पंकज त्रिपाठी की टीम ने भी घटना की पुष्टि की है। टीम के मुताबिक, हमला गांव के ही एक व्यक्ति ने किया है और विजेंद्र नाथ फिलहाल पटना के अस्पताल में उपचाराधीन हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





