कॉमेडी के सुपरस्टार अक्षय कुमार, अब ‘वेलकम टू द जंगल’ में आएंगे नजर

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार जल्द ही अपनी आगामी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आएंगे। यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अक्षय कुमार पिछले दो दशकों से कॉमेडी फिल्मों में अपनी खास पहचान बनाए हुए हैं और इस जॉनर में कई बड़े रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हैं।

अक्षय कुमार को कॉमेडी फिल्मों में बड़ी पहचान साल 2000 में रिलीज हुई ‘हेरा फेरी’ से मिली थी। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने सुनील शेट्टी और परेश रावल के साथ राजू का किरदार निभाया था। करीब 7.5 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और बाद में कल्ट क्लासिक का दर्जा हासिल किया।

इसके बाद अक्षय कुमार ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘भगम भाग’, ‘हे बेबी’, ‘वेलकम’, ‘सिंह इज किंग’ और ‘भूल भुलैया’ जैसी कई सफल कॉमेडी फिल्मों में नजर आए। फिल्म ‘गरम मसाला’ के लिए उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट एक्टर इन कॉमिक रोल अवॉर्ड भी मिला था।

कॉमेडी फिल्मों में अक्षय कुमार का दबदबा हाउसफुल फ्रेंचाइजी में भी देखने को मिला। 2010 में शुरू हुई इस सीरीज की पांच फिल्मों ने दुनियाभर में 1089 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है। ‘हाउसफुल 5’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई दर्ज की।

अक्षय कुमार के नाम कॉमेडी फिल्मों में सबसे ज्यादा 100 करोड़ क्लब की फिल्में देने का रिकॉर्ड है। उनकी 10 कॉमेडी फिल्में 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुकी हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर अजय देवगन हैं, जिनकी पांच कॉमेडी फिल्मों ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है।

हाल ही में अक्षय कुमार फिल्म ‘भूत बंगला’ में नजर आए थे। 17 अप्रैल 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में 292.64 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

अब दर्शकों की नजरें उनकी आगामी कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ पर टिकी हैं, जिससे बॉक्स ऑफिस पर एक और बड़ी सफलता की उम्मीद की जा रही है।

Related Articles

Back to top button