प्रविष्ट ने बरेली के बच्चन को बताया रियल शो, कलाकारों ने साझा किए दिलचस्प अनुभव

कलर्स टीवी के नए फैमिली ड्रामा शो ‘बरेली के बच्चन’ के मुख्य कलाकार प्रविष्ट मिश्रा और रमणीक कटारिया ने शो से जुड़ी खास बातें साझा कीं। दोनों कलाकारों ने बताया कि यह शो रिश्तों, सपनों और रोजमर्रा की चुनौतियों से जूझते एक आम परिवार की कहानी है, जिससे दर्शक आसानी से खुद को जोड़ पाएंगे।

प्रविष्ट मिश्रा ने बताया कि शो में उनका किरदार ‘कृष्ण’ उनकी वास्तविक जिंदगी से काफी मेल खाता है। उन्होंने कहा कि दोनों में सबसे बड़ी समानता भगवान पर अटूट विश्वास है। वहीं रमणीक कटारिया ने अपने किरदार ‘संगम’ को महत्वाकांक्षी, स्वतंत्र और पूरी तरह वास्तविक बताया।

प्रविष्ट ने कहा कि शो की सबसे बड़ी खासियत इसकी रियलनेस है। इसमें दिखावटी ड्रामा नहीं, बल्कि वही परिस्थितियां और भावनाएं दिखाई गई हैं, जो आम भारतीय परिवारों में देखने को मिलती हैं। दर्शकों को ऐसा महसूस होगा जैसे वे किसी पड़ोसी परिवार की कहानी देख रहे हों।

रमणीक ने बताया कि अपने किरदार की तैयारी के लिए उन्होंने दिल्ली में अपने घर पर काम करने वाली महिला के परिवार और उनके जीवन को करीब से समझा। उन्हीं अनुभवों ने उन्हें संगम के किरदार को जीवंत बनाने में मदद की।

शूटिंग के दौरान हुए मजेदार अनुभवों को साझा करते हुए रमणीक ने बताया कि बरेली में शूटिंग के दौरान बड़ी संख्या में फैंस उनसे मिलने पहुंचे। कुछ प्रशंसकों ने उनके हाथ और यहां तक कि अपनी छाती पर भी ऑटोग्राफ देने की मांग की, जो उनके लिए काफी मजेदार और यादगार पल रहा।

वहीं, प्रविष्ट ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर उनके किरदार कृष्ण को एक दिन के लिए बच्चन परिवार से छुट्टी मिल जाए, तो वह सबसे पहले संगम के पीछे जाएगा।

रमणीक ने दर्शकों के लिए संदेश देते हुए कहा कि जीवन में अपने सपनों और महत्वाकांक्षाओं का पीछा कभी नहीं छोड़ना चाहिए। चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, हार नहीं माननी चाहिए।

गौरतलब है कि ‘बरेली के बच्चन’ का प्रसारण कलर्स टीवी और जियोहॉटस्टार पर किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button