जिला जज की कुर्सी पर बैठकर महिला ने मांगे गवाह और सबूत, कोर्ट में मचा बवाल

वाराणसी जिला न्यायालय में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अचानक जिला जज की अदालत में पहुंचकर उनकी कुर्सी पर बैठ गई। महिला ने खुद को जज बताते हुए कोर्ट की कार्यवाही चलाने का दावा किया और मौजूद वकीलों से गवाह व सबूत पेश करने को कहा।
जानकारी के अनुसार, शिवपुर निवासी वंदना गुप्ता सुबह करीब 9 बजे जिला जज के कोर्ट रूम में पहुंचीं। कुछ देर बाद वह जज की डायस पर चढ़ गईं और कुर्सी पर बैठकर हैमर बजाते हुए जोर-जोर से “ऑर्डर-ऑर्डर” चिल्लाने लगीं। उन्होंने वकीलों से कहा कि आज वह सुनवाई करेंगी और सभी मामलों की जानकारी उन्हें दी जाए।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से अदालत में मौजूद वकील और कर्मचारी हैरान रह गए। महिला ने जज की मेज पर रखी फाइलों को भी पलटना शुरू कर दिया। जब वकीलों ने उन्हें कुर्सी छोड़ने के लिए कहा तो उन्होंने मना कर दिया और विरोध करने वालों पर नाराजगी जताई।
स्थिति बिगड़ने पर महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया गया। पुलिस ने महिला को जज की कुर्सी से हटाकर हिरासत में लिया और कैंट थाने ले गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान करीब एक घंटे तक कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की जानकारी मिलने पर अपर जिला जज यजुवेंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब करने के निर्देश दिए। इसके बाद न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
वकीलों के अनुसार, महिला का न्यायालय में कोई मामला लंबित नहीं है और वह पहले भी कई बार कोर्ट परिसर में हंगामा कर चुकी है। पुलिस फिलहाल महिला से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के पीछे की वजह और महिला की मानसिक स्थिति को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।





