अलवर में मौसम ने ली करवट, बारिश और बिजली चमकने से बदला मिजाज; आज भी अलर्ट

अलवर में बारिश, आंधी और बादलों की गर्जना से बदला मौसम, नौतपा बेअसर; 8 डिग्री तक लुढ़का पारा

अलवर जिले में नौतपा के आखिरी दिनों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सोमवार रात तेज आंधी और बारिश के बाद भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। मंगलवार सुबह भी आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है।

सोमवार रात अचानक तेज धूलभरी आंधी चली, जिसके बाद जिले के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान, जो कुछ दिन पहले 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, अब घटकर करीब 38 डिग्री सेल्सियस रह गया है। यानी तापमान में 8 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है।

मंगलवार सुबह ठंडी हवाओं और बादलों की गर्जना के साथ मौसम सुहावना बना रहा। सूरज और बादलों की लुकाछिपी के कारण लू का असर पूरी तरह खत्म हो गया। लोगों ने भीषण गर्मी के बाद राहत महसूस की।

नौतपा की शुरुआत में अलवर का तापमान लगातार बढ़ रहा था और जिले में गर्मी का प्रकोप चरम पर था। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद मौसम में बदलाव आया और तापमान तेजी से नीचे आ गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों और पशुपालकों ने भी इसे राहत भरा माना है।

Related Articles

Back to top button