तेज हवाओं और बारिश से तबाही: रिसोर्ट की दीवार ढही, लोक कलाकार की मौत; आज 19 जिलों में मौसम चेतावनी

राजस्थान में आंधी-बारिश का असर: जैसलमेर में रिसोर्ट की दीवार गिरने से लोक कलाकार की मौत, बाड़मेर में मकान ढहा; 19 जिलों में अलर्ट
राजस्थान में जून की शुरुआत आंधी और बारिश के साथ हुई है। मौसम विभाग ने मंगलवार (2 जून) को भी 19 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
सोमवार को कोटा, उदयपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, अजमेर, चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। आंधी-तूफान के कारण जैसलमेर और बाड़मेर में हादसे भी हुए, जिनमें एक लोक कलाकार की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
जैसलमेर में दीवार गिरने से कलाकार की मौत
जैसलमेर के सम सैंड ड्यून्स स्थित जुमा हेरिटेज रिसोर्ट में सोमवार रात तेज आंधी के कारण लोक कलाकारों के ड्रेसिंग रूम की दीवार गिर गई। हादसे में बेरसियाला गांव निवासी 25 वर्षीय लोक कलाकार स्वरूप खान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो युवतियों समेत तीन अन्य कलाकार घायल हो गए।
बाड़मेर में मकान ढहने से 3 घायल
बाड़मेर जिले के रामसर उपखंड के पाबूसरिया गांव में तेज आंधी के दौरान टीनशेड का कमरा ढह गया। हादसे में पिता-पुत्र मलबे में दब गए। वहीं दूसरे घर में बाहर भाग रही एक महिला के सिर पर लोहे की एंगल गिर गई। तीनों घायलों को ग्रामीणों और परिजनों ने मलबा हटाकर बाहर निकाला।
कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि
सोमवार को जैसलमेर, जोधपुर, पाली, अजमेर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, नागौर, उदयपुर, कोटा, टोंक, अलवर, सवाई माधोपुर, बूंदी और जयपुर सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। फलोदी और नागौर में बारिश के साथ ओले भी गिरे। चित्तौड़गढ़ में 20 एमएम, नागौर में 13 एमएम और अजमेर में 12.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर 5 जून तक जारी रहने की संभावना है। इसके चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।





