JEE Advanced में बिहार का जलवा: शुभम ने हासिल की AIR-1, राजस्थान कोचिंग से निकले 6 टॉपर्स

JEE Advanced में बिहार के शुभम बने टॉपर, दिल्ली के कबीर दूसरे और झुंझुनूं के जतिन तीसरे स्थान पर
नई दिल्ली। जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (JEE) एडवांस 2026 का रिजल्ट रविवार देर रात घोषित कर दिया गया। बिहार के शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक (AIR)-1 हासिल कर परीक्षा में टॉप किया। दिल्ली के कबीर छिल्लर दूसरे और राजस्थान के झुंझुनूं निवासी जतिन चाहर तीसरे स्थान पर रहे।
इस साल JEE एडवांस में 1,79,694 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 56,880 उम्मीदवार सफल रहे। कुल सफलता प्रतिशत 31.65% रहा। परीक्षा की कटऑफ भी बढ़कर 92 अंक हो गई है, जो पिछले साल की तुलना में 18 अंक अधिक है।
टॉप-10 में राजस्थान कोचिंग का दबदबा
JEE एडवांस के टॉप-10 रैंकर्स में शामिल 6 छात्रों ने राजस्थान के कोटा और सीकर के कोचिंग संस्थानों में तैयारी की। तीसरी रैंक हासिल करने वाले जतिन चाहर ने सीकर में पढ़ाई की। उन्हें 319 अंक मिले। झुंझुनूं जिले के गोठ गांव के रहने वाले जतिन ने अपनी सफलता का श्रेय कॉन्सेप्ट क्लियर रखने और नियमित पढ़ाई को दिया।
कोटा के अर्णव गौतम ने ऑल इंडिया 7वीं रैंक हासिल की, जबकि कनिष्क जैन 8वें और दर्श सिक्का 10वें स्थान पर रहे। गर्ल्स कैटेगरी में आरोही देशपांडे टॉपर रहीं। उनकी ऑल इंडिया रैंक 77 रही।
मोबाइल और सोशल मीडिया से बनाई दूरी
जतिन चाहर ने बताया कि उन्होंने तैयारी के दौरान सोशल मीडिया और मोबाइल फोन से पूरी तरह दूरी बनाए रखी। उनका कहना है कि उन्होंने आज तक मोबाइल का इस्तेमाल नहीं किया और किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनका अकाउंट नहीं है। वे रोजाना कोचिंग के अलावा घर पर भी करीब 6 घंटे पढ़ाई करते थे।
कोटा और सीकर में जश्न का माहौल
रिजल्ट घोषित होने के बाद कोटा और सीकर के कोचिंग संस्थानों में जश्न का माहौल देखने को मिला। कई जगह आतिशबाजी की गई और ढोल-नगाड़ों के साथ छात्रों की सफलता का उत्सव मनाया गया। शिक्षकों ने टॉपर्स को कंधों पर बैठाकर उनकी उपलब्धि का जश्न मनाया।
अलवर के वंश बत्रा को AIR 1249
राजस्थान के अलवर निवासी वंश बत्रा ने भी JEE एडवांस में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 1249वीं रैंक हासिल की। वंश के पिता बंसीलाल व्यवसायी हैं, जबकि उनकी मां मेनका बत्रा गृहिणी हैं।





