सरसों में रिकॉर्ड तेजी, 30% स्टॉक रोककर बैठे किसान; और बढ़ोतरी की उम्मीद

**अलवर मंडी में सरसों 1700 रुपए प्रति क्विंटल महंगी, भाव 7900 रुपए तक पहुंचे**

अलवर कृषि उपज मंडी में पिछले दो महीने के दौरान सरसों के भाव में बड़ी तेजी दर्ज की गई है। मंडी में सरसों का भाव करीब 1700 रुपए प्रति क्विंटल बढ़कर 7900 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। सीजन की शुरुआत में सरसों 6200 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास बिक रही थी।

व्यापारियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी के चलते सरसों की कीमतों में लगातार उछाल आया है। वहीं सरकार की खरीद दर अभी भी 6200 रुपए प्रति क्विंटल होने के कारण किसान सरकारी खरीद केंद्रों पर सरसों बेचने से बच रहे हैं और खुले बाजार को प्राथमिकता दे रहे हैं।

मंडी व्यापारी रामावतार गुप्ता ने बताया कि अधिकांश किसानों ने सीजन के शुरुआती दौर में ही अपनी उपज बेच दी थी। फिलहाल करीब 30 प्रतिशत सरसों ही बड़े किसानों और जमींदारों के पास बची हुई है। विदेशी बाजार में तेजी का असर स्थानीय मंडियों में भी देखने को मिल रहा है, जिससे भाव लगातार बढ़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

**चने के दाम में भी आई तेजी**

सरसों के साथ-साथ चने के भाव में भी मजबूती दर्ज की गई है। मंडी में चना करीब 500 रुपए प्रति क्विंटल महंगा होकर 5650 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। व्यापारियों का कहना है कि मांग बढ़ने और आवक घटने से दालों के बाजार में भी तेजी बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button