ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में कैमिस्टों का बड़ा फैसला, मेडिकल स्टोर रहेंगे बंद

अलवर जिले में 20 मई को सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। यह निर्णय अखिल भारतीय कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के देशव्यापी बंद के आह्वान पर लिया गया है। देशभर में करीब 12.50 लाख दवा विक्रेता अपनी विभिन्न मांगों को लेकर इस हड़ताल में शामिल होंगे। इनमें अलवर जिले के लगभग 2500 दवा विक्रेता भी शामिल हैं।

देशव्यापी आंदोलन के समर्थन में अलवर जिला कैमिस्ट एसोसिएशन ने सोमवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। राजस्थान कैमिस्ट एलायंस के प्रदेशाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और महासचिव सुरेश कुकरेजा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी माधव भारद्वाज को ज्ञापन दिया।

ज्ञापन में ऑनलाइन दवाओं की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने, कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा दवाओं पर दिए जा रहे भारी डिस्काउंट बंद करने और नकली दवाओं के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

एसोसिएशन के महासचिव सुरेश कुकरेजा ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन देशहित और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान रोबिन अरोड़ा, संजय गुप्ता, मनीष झालानी, राजेश गुप्ता और प्रदीप तायल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button