करोड़ों की ऑनलाइन ठगी का खुलासा: 4 मोबाइल और कार के साथ आरोपी गिरफ्तार

अलवर पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन साइबर संग्राम 2.0” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपए के इनामी मुख्य आरोपी जाहुल को गिरफ्तार किया है। आरोपी साइबर ठगों को कमीशन के बदले बैंक खाते उपलब्ध कराकर करीब 20 करोड़ रुपए की ऑनलाइन ठगी में शामिल था।

एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि ऑनलाइन ठगी, सेक्सटॉर्शन, ओएलएक्स फ्रॉड, म्यूल अकाउंट, फर्जी एटीएम और फर्जी सिम जैसे साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वैशाली नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बंजीरका निवासी जाहुल पुत्र हनीफ खान को गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी और म्यूल बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम खातों से निकलवाकर ठगों तक पहुंचाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल, तीन सिम कार्ड, एक क्रेटा कार और इंटरनेट राउटर बरामद किया है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button