जानलेवा हमले में टूटी बुलेट और आईफोन, अब समझौते का दबाव

अलवर शहर में तिरपोलेश्वर महादेव मंदिर के महंत जितेंद्र खेड़ापति के बेटे जतिन खेड़ापति पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चढ़ाने का प्रयास किया गया। घटना शनिवार देर रात करीब 12:45 बजे काशीराम चौराहे की है। हादसे में जतिन बाइक से कूदकर बच गया, जबकि उसके साथ मौजूद रिश्तेदार घायल हो गया। वहीं बुलेट बाइक और आईफोन क्षतिग्रस्त हो गए।

पीड़ित जतिन खेड़ापति ने बताया कि वह शनिवार रात बुआ के बेटे छोटू के साथ मेडिकल से दवाई और फास्टफूड लेकर रंग भरियों की गली स्थित घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए कुचलने की कोशिश की। जतिन ने बताया कि वह बाइक से कूदकर गोबर के ढेर की तरफ चला गया और अपने भाई को भी खींच लिया। इसके बाद स्कॉर्पियो चालक बाइक को घसीटते हुए मौके से फरार हो गया।

हादसे में छोटू के हाथ और पैर में चोट आई है। वहीं बुलेट बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और जतिन का आईफोन भी टूट गया। जतिन ने बताया कि उन्होंने स्कॉर्पियो का नंबर नोट कर लिया है। वाहन किसी महिला के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिसे एक अन्य व्यक्ति ने किराए पर ले रखा है।

जतिन ने आरोप लगाया कि घटना के बाद समझौते के लिए लगातार फोन कॉल कर दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते वह बाइक से नहीं कूदते तो जान जा सकती थी। मामले में कोतवाली थाने में शिकायत दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button