दर्दनाक हादसा: बाइक सवार दो दोस्तों की मौत, तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल

अलीगढ़ के थाना मडराक क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा आगरा रोड स्थित शाहपुर गांव के पास उस समय हुआ, जब अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
मृतक और घायल युवक थाना सासनीगेट इलाके के पला होली चौक के निवासी हैं। छोटे (22) पुत्र हरि सिंह, भूपेंद्र (23) पुत्र कालीचरन और नरेश (25) पुत्र महेंद्र सिंह आपस में घनिष्ठ मित्र थे। सोमवार रात करीब 11:30 बजे तीनों भूपेंद्र की रिश्तेदारी में सासनी (हाथरस) जा रहे थे, तभी रास्ते में हादसा हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने छोटे और भूपेंद्र को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल नरेश को बेहतर इलाज के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
एक ही मोहल्ले के दो युवकों की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। सबसे मार्मिक बात यह है कि छोटे की शादी महज 11 दिन पहले, 20 फरवरी को हुई थी। नवविवाहिता पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। होली से पहले हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र की खुशियां मातम में बदल दी हैं।





