25 लोगों की मौत के बाद फरार लूथरा ब्रदर्स पकड़े गए, गोवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

गोवा के नाइट क्लब ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ अग्निकांड मामले में मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाइलैंड से भारत लाया गया है। भारतीय सुरक्षा अधिकारियों के साथ दोनों भाई मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, दिल्ली पहुंचे। यहां गोवा पुलिस की टीम ने दोनों को एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार कर लिया।

गोवा पुलिस अब दोनों आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड के लिए पेश करेगी। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस उन्हें आगे की जांच के लिए गोवा ले जाएगी।

सौरभ और गौरव लूथरा गोवा के चर्चित बिर्च नाइट क्लब के मालिक हैं। क्लब में 6 दिसंबर को लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद दोनों भाई भारत छोड़कर थाइलैंड फरार हो गए थे। थाइलैंड पुलिस ने 11 दिसंबर को फुकेट में दोनों को हिरासत में लिया था। इसके बाद मंगलवार सुबह बैंकॉक से उन्हें भारत डिपोर्ट किया गया।

सूत्रों के अनुसार, 9 दिसंबर को थाई अधिकारियों को इनपुट मिला था कि भारतीय एजेंसियों द्वारा तलाशे जा रहे दोनों भाई फुकेट में छिपे हुए हैं। इसके बाद थाई पुलिस और इमिग्रेशन ने होटलों पर निगरानी शुरू की। 11 दिसंबर को जब दोनों होटल से बाहर खाना खाने निकले, तब उनकी पहचान और यात्रा दस्तावेजों की जांच कर उन्हें पकड़ लिया गया।

गोवा अग्निकांड मामले में दोनों भाइयों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही के आरोप दर्ज हैं। पुलिस अब ट्रांजिट रिमांड के बाद मामले की आगे की जांच करेगी।

Related Articles

Back to top button