75वें जन्मदिन के बाद परिवार संग तिरुपति पहुंचे रजनीकांत, श्री वेंकटेश्वर मंदिर में किए दर्शन

साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत ने शुक्रवार को अपना 75वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर फैंस और चाहने वालों में जश्न का माहौल रहा। जन्मदिन के तुरंत बाद रजनीकांत अपने पूरे परिवार के साथ आंध्रप्रदेश के तिरुमला तिरुपति मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर जाने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शनिवार सुबह रजनीकांत मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में उनके प्रवेश करते ही फैंस की भारी भीड़ जुट गई। इस दौरान उनके साथ पत्नी लता रजनीकांत, बेटियां सौंदर्या और ऐश्वर्या भी मौजूद थीं। खास बात यह रही कि उनके पोते सफर राजा भी साथ नजर आए।
दर्शन के बाद रजनीकांत ने मंदिर परिसर के बाहर खड़े प्रशंसकों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। मंदिर से बाहर निकलते समय उन्होंने परिवार के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। फैंस अपने चहेते सुपरस्टार की एक झलक पाकर बेहद उत्साहित दिखे।
इस बीच रजनीकांत के जन्मदिन पर उनकी 1999 की सुपरहिट फिल्म ‘पदयप्पा’ को एक बार फिर सिनेमाघरों में रिलीज किया गया। 4K तकनीक से रीमास्टर की गई इस फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया। सिनेमाघरों में तालियों और सीटियों की गूंज ने साबित कर दिया कि रजनीकांत की लोकप्रियता आज भी बरकरार है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो रजनीकांत जल्द ही फिल्म ‘जेलर 2’ में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग अंतिम चरण में है और इसके 2026 की गर्मियों में रिलीज होने की उम्मीद है।





