ठंडी हवाओं और बादलों ने घेरा राजस्थान, कई इलाकों में बारिश से बढ़ी ठिठुरन

बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम का असर अब राजस्थान के मौसम पर भी दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, इसका सबसे अधिक प्रभाव सोमवार और मंगलवार को रहेगा, जिसके चलते कई जिलों में तेज से भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने सोमवार को उदयपुर और कोटा संभाग के 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब डीप डिप्रेशन में बदल गया है और आज यह चक्रवात का रूप ले लेगा। यह चक्रवात 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकराएगा। वहीं, अरब सागर के मध्य-पूर्वी हिस्से में भी एक डिप्रेशन सिस्टम सक्रिय है। इन दोनों सिस्टम के चलते देश के कई हिस्सों में नमी की आपूर्ति बढ़ी है, जिसका असर राजस्थान तक पहुंच रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य में 30 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा।

बारिश का हाल

पिछले 24 घंटों में सिस्टम के असर से कोटा, उदयपुर, अजमेर संभाग के कई जिलों और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

  • झालावाड़ के मनोहरथाना में 16 मिमी, रायपुर में 1 मिमी वर्षा हुई।
  • उदयपुर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, कोटा, प्रतापगढ़ और सलूंबर में आज अति भारी बारिश की चेतावनी है।

मौसम विभाग की चेतावनी

जयपुर मौसम केंद्र ने सुबह 6:30 बजे अलर्ट जारी किया। इसके अनुसार, कोटा, बूंदी, भीलवाड़ा, टोंक, बारां, अजमेर, चित्तौड़गढ़, सवाईमाधोपुर, करौली, उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, जालौर, दौसा, जयपुर, धौलपुर, भरतपुर, पाली और सिरोही जिलों में मेघ गर्जन, हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली और 20-30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना है।

तापमान में गिरावट

मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी दिखा। रविवार को बादलों और कम धूप के कारण उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

  • बारां, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, उदयपुर और भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 30°C से नीचे रहा।
  • डूंगरपुर में सबसे कम तापमान 27.7°C दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button