सीएम धामी की बड़ी पहल, चंपावत में खुलेंगे नए अवसर,कृषि विश्वविद्यालय और शारदा कॉरिडोर पर काम शुरू

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को चंपावत जिले में कृषि विश्वविद्यालय खोलने और छीनीगोठ में बाढ़ सुरक्षा कार्य करने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि ये पहलें शिक्षा, कृषि और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में जिले को सशक्त बनाएंगी।
कृषि विश्वविद्यालय बनने से चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल के युवाओं को कृषि और उद्यान क्षेत्र में अनुसंधान और विकास के अवसर मिलेंगे। इसके लिए पंतनगर के जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति से भी चर्चा हुई है।
सीएम धामी ने 185.20 करोड़ रुपये की शारदा कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण का शुभारंभ किया। साथ ही 20.50 करोड़ रुपये की अन्य योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि परियोजना धार्मिक पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में मदद करेगी।
इसके अलावा, सीएम ने नेपाल सीमा पर बनबसा स्थित गुदमी क्षेत्र में लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा लगभग 500 करोड़ रुपये से निर्मित आधुनिक लैंड परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना भारत-नेपाल के बीच सहयोग, व्यापार और सीमावर्ती क्षेत्र के विकास में सहायक होगी।





