वीकेंड का वार में सलमान की सख्त क्लास, तान्या को मिला साथ तो नीलम-नेहल पर बरसे सवाल

टीवी का सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ हर दिन नए मोड़ ले रहा है। घर के अंदर रिश्ते बन भी रहे हैं और टूट भी रहे हैं। कभी दोस्ती के नाम पर रणनीति बनती है, तो कभी खेल के नाम पर धोखा। इस हफ्ते शो में जहां मृदुल ने सभी को पछाड़कर कैप्टेंसी अपने नाम की, वहीं वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने एक बार फिर घरवालों को आइना दिखाया। इसके अलावा, शो में डबल एविक्शन की चर्चाएं भी तेज हैं।
मृदुल बने घर के नए कैप्टन
लेटेस्ट एपिसोड की शुरुआत कैप्टेंसी टास्क से हुई, जिसमें सभी कंटेस्टेंट्स को दो नामों में से एक चुनना था। मृदुल और प्रणित मोरे के बीच मुकाबला टाई हो गया, जिसके बाद वोटिंग हुई। मृदुल को 8 वोट मिले और वे इस हफ्ते के नए कैप्टन बने। कैप्टन बनने के बाद उन्होंने गौरव और कुनिका का आशीर्वाद लिया और घर के कामों का बंटवारा किया।
इस दौरान किचन ड्यूटी को लेकर गौरव खन्ना और अभिषेक के बीच बहस हो गई। गौरव ने कहा कि उन्हें खाना बनाना नहीं आता, लेकिन मृदुल ने उन्हें जिम्मेदारी दी। नीलम को गौरव की मदद के लिए लगाया गया। बहस के बाद घर में फिर से तनाव बढ़ गया।
तान्या को सलमान का समर्थन
दूसरी ओर, तान्या मित्तल भावनात्मक रूप से टूटती नजर आईं। उन्होंने शहबाज से कहा कि जब उनका कुनिका से झगड़ा हुआ, तो नीलम ने हमेशा उनके खिलाफ बातें कीं। इसी मुद्दे पर वीकेंड का वार में सलमान खान ने नीलम की जमकर क्लास लगाई और तान्या का समर्थन किया।





