दिवाली से पहले खुशखबरी: 14.82 लाख कर्मचारियों को योगी सरकार का बोनस तोहफा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के शुभ अवसर पर राज्य कर्मचारियों को बोनस देने का ऐलान किया है। यह निर्णय कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा की सराहना का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रगति में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार उनके कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।

वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कर्मचारियों को उत्पादकता असम्बद्ध बोनस मिलेगा। मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा ₹7,000 के आधार पर 30 दिन की गणना से प्रत्येक कर्मचारी को ₹6,908 का लाभ मिलेगा। यह निर्णय लगभग 14 लाख 82 हजार कर्मचारियों को लाभान्वित करेगा, जिससे कुल व्ययभार लगभग ₹1,022 करोड़ होगा।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि बोनस का भुगतान समयबद्ध रूप से किया जाए ताकि सभी परिवार दीपावली का पर्व उल्लासपूर्वक मना सकें। बोनस के दायरे में पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारी शामिल हैं, जिनके पद का वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (₹47,600- ₹1,51,100) तक है। इसमें राज्य कर्मचारी, स्थानीय निकायों और जिला पंचायत के कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के कर्मचारी तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button