गाजा में अस्पताल पर हमले में चार पत्रकारों की मौत, जंग शुरू होने से अब 192 ने गंवाई जान

दक्षिणी गाजा के नासर अस्पताल पर हुए इस्राइली हमले में सोमवार को कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें चार पत्रकार भी शामिल हैं। इन हमलों में मरने वालों में एक समाचार एजेंसी की फ्रीलांसर पत्रकार मरियम डग्गा भी थीं, जो गाजा युद्ध शुरू होने के बाद से एपी और अन्य मीडिया संस्थानों के लिए रिपोर्टिंग कर रही थीं। मरियम डग्गा हाल ही में नासर अस्पताल के डॉक्टरों की उस जद्दोजहद पर रिपोर्ट कर रही थीं, जहां स्वस्थ बच्चों को भूख और कुपोषण के कारण मौत से जूझते देखा गया।

अल-जजीरा और रॉयटर्स के भी पत्रकार हुए घायल
वहीं अल-जजीरा ने पुष्टि की है कि उनके भी एक पत्रकार मोहम्मद सलाम भी इस हमले में मारे गए हैं। वहीं, रॉयटर्स ने बताया कि उसका कॉन्ट्रैक्टर कैमरामैन हुस्साम अल-मसरी भी मारा गया, जबकि उसका फोटोग्राफर हातेम खालिद घायल हो गया।

22 महीने के जंग में कुल 192 पत्रकारों की मौत
कमेटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट्स (सीपीजे) के अनुसार, पिछले 22 महीनों में गाजा में अब तक 192 पत्रकारों की मौत हो चुकी है। इसके मुकाबले रूस-यूक्रेन युद्ध में अब तक 18 पत्रकारों की मौत हुई है। इस्राइल के प्रधानमंत्री कार्यालय और सेना ने इस घटना पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय के रिकॉर्ड विभाग के प्रमुख जहीर अल-वहीदी के अनुसार, नासिर अस्पताल पर हुए हमले में कुल 19 लोग मारे गए।

इस्राइल ने युद्ध की कवरेज पर लगाई है रोक
दरअसल, इस्राइल ने गाजा में अंतर्राष्ट्रीय मीडिया को युद्ध की कवरेज करने से रोक दिया है। इसके बजाय, समाचार संगठन दुनिया को वहां क्या हो रहा है, यह दिखाने के लिए गाजा में मौजूद फलस्तीनी पत्रकारों और निवासियों पर ज्यादा निर्भर रहते हैं। इस्राइल अक्सर फलस्तीनी पत्रकारों की संबद्धता और पूर्वाग्रहों पर सवाल उठाता है, लेकिन दूसरों को आने की अनुमति नहीं देता।

Related Articles

Back to top button