म्यूचुअल फंड में पहली बार निवेश करने वाली महिलाओं को इसेंटिव देने की बन रही योजना, बोले सेबी प्रमुख

म्यूचुअल फंड में महिलाओं की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए बाजार नियामक सेबी पहली बार निवेश करने वाली महिला निवेशकों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन शुरू करने की योजना बना रहा है। शेयर बाजार के नियामक सेबी के प्रमुख तुहिन कांत पांडे ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।

एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में पांडे ने कहा, “जब तक महिलाओं को समान प्रतिनिधित्व नहीं दिया जाएगा, वित्तीय समावेशन अधूरा रहेगा।” उन्होंने कहा, “…हम पहली बार निवेश करने वाली महिला निवेशकों के लिए अतिरिक्त वितरण प्रोत्साहन शुरू करने पर भी विचार कर रहे हैं।”

टियर 2 और टियर 3 शहरों में निवेश के लिए वितरकों को मिलेगा प्रोत्साहन
उन्होंने कहा कि सेबी उद्योग को सुविधा प्रदान करने और प्रोत्साहित करने के लिए कई उपाय कर रहा है। एक हालिया प्रस्ताव बी30 शहरों (टियर 2 और टियर 3 शहरों) में पहली बार व्यक्तिगत निवेशकों से निवेश के लिए वितरकों को प्रोत्साहित करने के लिए भी है।

नियामक के अनुसार, इस कदम से न केवल नए प्रतिभागी जुड़ेंगे, बल्कि म्यूचुअल फंड की पहुंच कम प्रतिनिधित्व वाले क्षेत्रों तक भी बढ़ेगी, जिससे गहन वित्तीय समावेशन में योगदान मिलेगा। इसके अलावा, सेबी प्रमुख ने कहा कि उत्पाद के इनोवेशन के लिए अधिक लचीलापन उपलब्ध कराने, स्पष्टता में सुधार लाने और योजनाओं के पोर्टफोलियो में ओवरलैप की समस्या का समाधान करने के लिए, सेबी म्यूचुअल फंड योजनाओं के वर्गीकरण की समीक्षा कर रहा है।

परामर्श प्रक्रिया के दौरान मिले फीडबैक के आधार पर होगा फैसला
उन्होंने कहा कि परामर्श प्रक्रिया से प्राप्त फीडबैक के आधार पर अगले कदम उठाए जाएंगे। सेबी अध्यक्ष ने कहा, “इन उपायों से उद्योग को अधिक पारदर्शी और निवेशक-अनुकूल बनने में मदद मिलेगी।” हाल ही में, सेबी ने कारोबार में आसानी और अनुपालन सरलीकरण उपायों के तहत म्यूचुअल फंडों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्टों और फाइलिंग की समीक्षा की है।”

Related Articles

Back to top button