इंस्टाग्राम चलाने पर पिता ने डांटा तो बेटी ने छोड़ा घर, बाहर हुई दुष्कर्म का शिकार

मुरादाबाद:  सही राह दिखाने के लिए पिता द्वारा मारा गया थप्पड़ बिहार की किशोरी को इतना चुभा कि उसने घर ही छोड़ दिया। नतीजा यह हुआ कि वह दरिंदों के चंगुल में फंस गई और दुष्कर्म तक सहना पड़ा। अब पिता का रोते-रोते बुराहाल है।

‘क्या तुम्हें डांटने का अधिकार भी नहीं’
उनका कहना है कि ऐसा पता होता तो बेटी को डांटते भी नहीं। एक माह से वह घर से गायब है। तब से वह सो नहीं पाए हैं और ठीक से खाया भी नहीं। मुरादाबाद से बाल कल्याण समिति का फोन पहुंचा तो फौरन यहां के लिए रवाना हो गए। बृहस्पतिवार को वन स्टॉप सेंटर में बेटी से मिले तो आंसू रुके नहीं। सीने से लगाकर बोले कि क्या तुम्हें डांटने का अधिकार भी हमारे पास नहीं है। बाल कल्याण समिति ने उन्हें बताया कि सोमवार तक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बेटी उन्हें सौंप दी जाएगी।

मुंबई में मजदूरी करते हैं पिता
बिहार के मधुबनी निवासी किशोरी के पिता ने बताया कि वह मुंबई में मजदूरी करते हैं। उनकी चार बेटियां और एक बेटा है। इनमें पीड़ित किशोरी दूसरे नंबर की है। एक माह पहले बेटे का मुंडन कराने के लिए घर गए थे। पत्नी ने उन्हें बताया कि बेटी इंस्टाग्राम पर किसी लड़के से बात करती है। इस पर उन्होंने सख्ती से उसे डांट दिया और एक थप्पड़ भी लगाया। पिता के मुंबई लौटने के एक-दो दिन बाद वह किसी को बिना बताए घर से निकल गई और ट्रेन में बैठकर दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच गई। वहां आरोपी सचिन उसे बहलाकर मुरादाबाद ले आया और बंधक बना लिया।

Related Articles

Back to top button