मुजफ्फरनगर में भर्ती रैली कल से, पहले दिन दौड़ेंगे गौतमबुद्धनगर व शामली के युवा

मुजफ्फरनगर: चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम और नुमाइश ग्राउंड में 22 अगस्त से आठ सितंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हो रही है। मेरठ आर्मी रिक्रूटमेंट टीम ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस भर्ती में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 13 जिलों के लगभग 17 हजार अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।
कर्नल सत्यजीत बेवले ने बताया कि कुल 63 हजार युवाओं ने आवेदन किया था, जिनमें से 17 हजार अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। भर्ती में प्रतिदिन लगभग एक हजार अभ्यर्थी दौड़ लगाएंगे।
भर्ती के पहले दिन गौतमबुद्धनगर और शामली जनपद के युवा शामिल होंगे। बारिश के मौसम को देखते हुए दौड़ के लिए नुमाइश ग्राउंड में बने पक्के ट्रैक का इस्तेमाल किया जाएगा।
कर्नल ने स्पष्ट किया कि आर्मी इंटेलिजेंस और पुलिस की टीम दलालों और नशा कर आने वालों पर कड़ी नजर रखेगी। फर्जी कागजात वालों को सीधे पुलिस के हवाले किया जाएगा। उन्होंने युवाओं को केवल अपनी मेहनत पर विश्वास करने की सलाह दी।





