जम्मूतवी-कोलकाता रेल ट्रैक पर मंडराया खतरा, टक्कर मार रही गंगा की धारा, बह गया 50 बीघा आम का बाग

बिजनौर: बिजनौर के बालावाली में गंगा की धारा ने बहाव का रुख बदल लिया है। खेतों का कटान कर रही गंगा की धारा अब सीधे जम्मू तवी-कोलकाता रेल ट्रैक पर टक्कर मार रही है। ऐसे में रेल ट्रैक के साथ-साथ बालावाली रेल पुल का गाइडबंध भी खतरे में आ गया है। हालांकि रेलवे का अमला कटान को रोकने की जद्दोजहद में लगा है।
बृहस्पतिवार को भी बालावाली रेलवे स्टेशन और रेल पुल के पास गंगा की धारा तेजी से कटान करती रही। ऐसे में रेलवे की ओर से पूरा अमला जेसीबी और अन्य तमाम संसाधन के साथ पुराने रेल पुल के पास मौजूद रहा। रेलवे की ओर से बालावाली में रेल पुल के गाइड बंध को कटान से बचाने के लिए पुराने स्लीपर डाले गए। पुराने स्लीपर के साथ-साथ रेलवे ने पत्थर का पूरा स्टॉक भी तैयार कर रखा है। साथ ही पत्थरों को गंगा की धारा में स्टड के रूप से डालने के लिए तार के जाल बनाने का काम भी होता रहा।
पुल को छोड़ गाइड बंध के बाहर आ गई गंगा की धारा
यूं तो गंगा की मुख्य धारा रेल पुल के नीचे से होकर गुजरनी थी, लेकिन गंगा की धारा ने ऐसा रुख बदला कि पुल को छोड़कर और गाइडबंध के बाहर आ गई। जो कि सीधे रेलवे ट्रैक में टक्कर मार रही है, हालांकि रेलवे ट्रैक के पास बाढ़ निरोधी पत्थरों से टकराकर धारा वापस हो रही है।





