लखीमपुर खीरी में कम नहीं हो रहीं लोगों की मुश्किलें, 24 घंटे में शारदा नदी में समाए पांच घर

लखीमपुर खीरी : लखीमपुर खीरी जिले में पलिया, निघासन, फूलबेहड़, बिजुआ, धौरहरा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों के ग्रामीणों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। छतों और सड़कों पर रात गुजार रहे बाढ़ पीड़ितों के पास राशन और अन्य आवश्यक वस्तुएं खत्म हो गई हैं। निघासन तहसील के कई गांवों के बाढ़ पीड़ितों को भोजन के पैकेट भी नहीं मिल पा रहे हैं। ग्रंट-12 गांव में शारदा ने कटान तेज कर दिया है। बिजुआ ब्लॉक का करसौर गांव भी कटान के मुहाने पर है।

निघासन तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बल्लीपुर के गांव ढकवा गदियाना, मुर्गहा, इमलिया व छेदुई पतिया के गांव सिसवारा गदियाना, मोती पुरवा व धोबी पुरवा के बाढ़ पीड़ितों को अब तक प्रशासन की ओर से कोई राहत सामग्री नहीं मिली है। इन गांवों के बाढ़ पीड़ित खुर्शीद, अनीस, तस्जजुक, शौकत, इस्पाक, इस्लाहुद्दीन, लियाकत, कल्लू, अकील, गुलफान, ईदी आदि ने बताया कि पांच दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन ने भोजन के पैकेट और राहत सामग्री नहीं बांटी है।

खबर छपी तो पीड़ितों को मिला भोजन का पैकेट
बुधवार को खबर छपने के बाद गोतेबाजपुरवा में प्रशासन ने भोजन के पैकेट का वितरण किया है। तहसीलदार भीमचंद्र गौतम ने बताया कि मंगलवार को 4500 लंच पैकेट का वितरण किया गया है। गोतेबाजपुरवा में सुबह 400 लंच पैकेट बांटे गए। गांवों में आज भी पानी भरा है।

Related Articles

Back to top button