नोबेल पुरस्कार के लिए बेताब ट्रंप, नॉर्वे के मंत्री को टैरिफ पर फोन लगाया और मांगा सम्मान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर कितने बेताब हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खुद ट्रंप, व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलीन लेविट और उनके कुछ अधिकारियों तक ने अलग-अलग मौकों पर इस पुरस्कार की मांग की है। हालांकि, अब खबर आई है कि अपने लिए नोबेल पुरस्कार मांगते-मांगते ट्रंप ने टैरिफ के बहाने इस मुद्दे को नॉर्वे के मंत्री के सामने तक छेड़ दिया। गौरतलब है कि नॉर्वे की नोबेल समिति ही शांति पुरस्कार के लिए नामों का चयन करते हैं।

अमेरिकी मैगजीन पॉलिटिको की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने पिछले महीने अचानक से ही नॉर्वे के वित्त मंत्री और नाटो के पूर्व प्रमुख जेंस स्टोलटेनबर्ग को फोन कर दिया और उनसे कुछ देर तक टैरिफ पर चर्चा की। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस बीच ही ट्रंप ने स्टोलटेनबर्ग से अचानक नोबेल शांति पुरस्कार जीतने पर चर्चा शुरू कर दी।
इस बातचीत का खुलासा सबसे पहले नॉर्वे के डागेंस नेरिंगस्लिव अखबार की तरफ से गुरुवार को किया गया था। इसके बाद पॉलिटिको ने ओस्लो में सरकार के अधिकारियों से इस खबर की पुष्टि की। एक खुलासा यह भी हुआ है कि ट्रंप ने स्टोलटेनबर्ग से नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर पहले भी बात की है।

जेंस स्टोलटेनबर्ग ने ट्रंप से इस बातचीत को लेकर बताया कि उन्हें इससे जुड़ा एक फोन आया था। उन्होंने कहा, “फोन कॉल में राष्ट्रपति के कुछ स्टाफ के सदस्यों भी बातचीत में जुड़े थे। इनमें वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और व्यापार प्रतिनिधि ग्रियर शामिल थे। हमने टैरिफ पर बात की। आर्थिक सहयोग पर बात की और नॉर्वे के पीएम स्टॉयर से बातचीत की भूमिका तैयार की।” स्टोलटेनबर्ग ने इससे आगे बातचीत पर खुलासा करने से इनकार कर दिया।

नोबेल के लिए क्या हैं ट्रंप के दावे?
कुछ दिनों पहले ही ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा था- मुझे नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलेगा। मुझे भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलेगा, मुझे सर्बिया और कोसोवो के बीच युद्ध रुकवाने के लिए पुरस्कार नहीं मिलेगा। मुझे मिस्र और इथियोपिया के बीच शांति बनाए रखने के लिए पुरस्कार नहीं मिलेगा। मुझे पश्चिम एशिया में अब्राहम समझौते के लिए नोबल शांति पुरस्कार नहीं मिलेगा।

Related Articles

Back to top button