रूसी राष्ट्रपति ने स्वतंत्रता दिवस पर भारत को दी बधाई, कहा- आज दुनिया में भारत की जगह खास

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को भारत को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि वैश्विक मामलों में भारत की एक खास जगह है और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्दों के समाधान में भारत की सक्रिय भूमिका की तारीफ की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वतंत्रता दिवस पर भेजे अपने संदेशों में, राष्ट्रपति पुतिन ने दोनों देशों के बीच ‘विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ को मजबूत करने की बात भी कही।

‘भारत के साथ विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक संबंधों को महत्व देते हैं’
राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, ‘भारत की आज वैश्विक मंच पर खास जगह है और वह अंतरराष्ट्रीय एजेंडे के सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान में सक्रिय रूप से भाग लेता है।’ पुतिन ने कहा, ‘हम भारत के साथ अपने विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी संबंधों को महत्व देते हैं।’ रूसी राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों देश संयुक्त प्रयासों से द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाते रहेंगे।

रूसी राष्ट्रपति ने भारत को ऐसे समय पर विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदार बताया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने के लिए भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगा दिया है। इससे भारत और अमेरिका के संबंधों में थोड़ी खटास भी महसूस की गई है। वहीं भारत और रूस के संबंधों में गर्माहट महसूस की जा रही है। हाल ही में एनएसए, मॉस्को का दौरा करके लौटे हैं और जल्द ही भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर भी रूस दौरे पर जाने वाले हैं।

Related Articles

Back to top button