बुमराह रफ्तार के सौदागर, 2023 से सबसे अधिक 140+ की गति से की गेंदबाजी; सिराज से तीन गुना ज्यादा

रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट से संन्यास के बाद से भारतीय टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है। हालांकि, इस युवा टीम ने इंग्लैंड दौरे पर खुद को साबित किया और शुभमन गिल ने दिखा दिया कि भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। इंग्लैंड दौरे पर भारत ने 2-2 से सीरीज बराबर की। भारत ने वही दो मैच जीते, जिनमें जसप्रीत बुमराह नहीं खेल रहे थे, लेकिन इससे इस तेज गेंदबाजी की अहमियत कम नहीं होती।
बुमराह भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज
भारतीय टेस्ट क्रिकेट में तेज गेंदबाजी की बात हो और बुमराह का नाम न आए, ऐसा संभव ही नहीं। 2023 से अब तक बुमराह ने जिस तरह की रफ्तार और निरंतरता दिखाई है, वह उन्हें टीम इंडिया का सबसे घातक गेंदबाज बनाती है। आंकड़ों के मुताबिक, बुमराह ने इस अवधि में सबसे अधिक 140 किलोमीटर प्रति घंटा से तेज गेंदें फेंकी हैं।
सिराज से इस मामले में तीन गुना आगे
बुमराह ने 2023 से अब तक कुल 333 गेंदें 140+ किमी/घंटा की रफ्तार से डाली हैं, जो दूसरे नंबर पर मौजूद मोहम्मद सिराज (118 गेंदें) से लगभग तीन गुना ज्यादा है। यह आंकड़ा सिर्फ उनकी गति नहीं, बल्कि उनकी फिटनेस, अनुशासन और लंबी स्पेल में तेज गति बनाए रखने की क्षमता को भी दर्शाता है। सिराज, जो अपनी आक्रामक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं, लेकिन बुमराह से काफी पीछे हैं। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 90 गेंदें 140+ की रफ्तार से फेंकी हैं।
अनुभवी मोहम्मद शमी इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। हालांकि उन्होंने केवल 32 गेंदें ही 140+ की स्पीड से डाली हैं। इसका कारण चोट और सीमित मैचों में भागीदारी हो सकता है। हर्षित राणा (28 गेंदें) और आकाश दीप (26 गेंदें) भी इस सूची में शामिल हैं, जो हाल में भारतीय टेस्ट टीम में तेज गेंदबाजों के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं।





