8 घंटे सोने के बाद भी दिनभर रहती है थकान, कहीं ये विटामिन डी की कमी का संकेत तो नहीं

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अक्सर बंद कमरों और दफ्तरों में रहते हैं। ऐसे में एक बेहद जरूरी पोषक तत्व की कमी होने की आशंका बढ़ जाती है और वो है विटामिन डी। इसे कुछ लोग ‘सनशाइन विटामिन’ भी कहते हैं। यह विटामिन हमारे शरीर के लिए किसी वरदान से कम नहीं, क्योंकि यह हड्डियों, दांतों और हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यून सिस्टम) के लिए बेहद जरूरी है।

विटामिन डी कैल्शियम और फॉस्फोरस जैसे खनिजों को शरीर में अवशोषित करने में मदद करता है, जिससे हमारी हड्डियां मजबूत बनती हैं। इतना ही नहीं, यह हमारी इम्यूनिटी को बढ़ाता है, मूड को बेहतर करता है और हृदय स्वास्थ्य को भी अच्छा रखने में अहम भूमिका निभाता है। विशेषज्ञों के अनुसार विटामिन डी की कमी कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकती है। आइए इस लेख में इसी के बारे में जानते हैं, साथ ही ये भी जानेंगे कि विटामिन डी को कैसे बढ़ाया जा सकता है।

विटामिन डी की कमी के लक्षण
विटामिन डी की कमी के कई लक्षण हैं जो रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करते हैं। पहला, लगातार थकान और कमजोरी, भले ही आप 8 घंटे सोए हों। दूसरा, हड्डियों और मांसपेशियों में दर्द, खासकर पीठ और जोड़ों में। तीसरा, बार-बार बीमार पड़ना, क्योंकि यह इम्यून सिस्टम को कमजोर करता है।

कमी के कारण और जोखिम
विटामिन डी की कमी कई कारणों से हो सकती है। पर्याप्त धूप न मिलना इसका सबसे बड़ा कारण है, लेकिन गहरे रंग की त्वचा, मोटापा, और पाचन संबंधी समस्याएं भी इसकी वजह बन सकती हैं। बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और ऑफिस में लंबे समय तक रहने वाले लोग इस कमी के प्रति ज्यादा संवेदनशील होते हैं।

लंबे समय तक विटामिन डी की कमी रहने से ऑस्टियोपोरोसिस, हृदय रोग और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए इसकी सही मात्रा बनाए रखना बेहद जरूरी है।

विटामिन डी की कमी को दूर करने के उपाय
विटामिन डी की कमी को दूर करने के लिए पहला उपाय है रोजाना 15-30 मिनट सूरज की रोशनी लेना, खासकर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच। दूसरा आहार में विटामिन डी युक्त खाद्य पदार्थ, जैसे फैटी मछली (सैल्मन, मैकेरल), अंडे की जर्दी, फोर्टिफाइड दूध और मशरूम, शामिल करें। तीसरा, डॉक्टर की सलाह पर विटामिन डी सप्लीमेंट्स ले सकते हैं। चौथा, नियमित व्यायाम और वजन नियंत्रण रखें, क्योंकि मोटापा विटामिन डी के अवशोषण को कम करता है।

Related Articles

Back to top button